निर्वाचन आयोग ने की समीक्षा, कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
उत्तरकाशी। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने सोमवार को उत्तरकाशी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। तीन दिवसीय दौरे पर पहुंची टीम ने जिले में चल रहे डिजिटाइजेशन और पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग की टीम ने साफ किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए और पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जानी चाहिए। बैठक में निर्वाचन आयोग के अनुभाग अधिकारी ललित मोहन, सहायक अनुभाग अधिकारी योगेश कांडा और विधिक शोधकर्ता सृष्टि सर्राफ मौजूद रहे।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आयोग की टीम को जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक जिले में कुल 94.97 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा हो चुका है जबकि 214 पोलिंग बूथों पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
बैठक में एसडीएम देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा, बीडीओ डॉ. अमित ममगाईं, खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत मौजूद रहे।