काशीपुर। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते क्रेज को देखते हुए अब नगर निगम प्रशासन क्षेत्र में लगभग 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगवाने जा रहा है। इससे अब वाहन चालकों को बैटरी खत्म होने की चिंता से छुटकारा मिल जाएगा और रास्ते में वाहन चार्जिंग हो जाएगा।
बाजारों में इलेक्ट्रिक व्हीकल लेकर गए हैं और चार्जिंग कम हो गई हो तो अब वाहन चालक चिंता न करें। आपके शहर में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की सुविधा जल्दी मिलने लगेगी।
मेयर दीपक बाली ने बताया कि शहर में लगभग 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया हो गयी है और आगामी 16 जनवरी को टेंडर खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन चार्जिंग स्टेशनों को पीपीपी मोड पर चलाया जाएगा। इसके लिए 10 फीट वाई 10 फीट की जगह में एक ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया इन स्टेशन पर जो भी वाहन की चार्जिंग से आय होगी उसमें से कुछ हिस्सा ठेकेदार कंपनी निगम को देगी। स्टेशन पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की रेट लिस्ट होगी उसके मुताबिक ही वाहन चालक से चार्जिंग शुल्क वसूल किया जाएगा।
इससे वाहन चालक बिना चिंता के अपने वाहन को चला सकेंगे और हर रास्ते पर चार्जिंग स्टेशन मिल जाएगा। मेयर ने बताया ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने में निगम अपनी ओर से कोई भी खर्च नहीं करेगा। ठेकेदार को स्वयं ही स्टेशन स्थापित व रख-रखाव को देखना होगा।