सितारगंज में नंदा विहार कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नंदा विहार कॉलोनी निवासी लवली सोनी ने बताया कि वह घर में अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। एक अगस्त की रात को वह बच्चों के साथ पुरानी मंडी के पास स्थित अपनी ससुराल गई थीं। अगले दिन दो अगस्त को जब वह घर लौटीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।
घर के भीतर जाकर देखा तो अलमारी में रखा पर्स गायब था। उसमें रखी सोने की चेन, अंगूठी, गले का पेंडल, चांदी की एक जोड़ी पायल, पांच हजार रुपये नकद और आधार कार्ड चोरी हो गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। प्रभारी सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।