रुद्रपुर में पीआरडी जवानों ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। जवानों ने जिला युवा प्रशिक्षण केंद्र में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
रुद्रपुर में दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। जवानों ने जिला युवा प्रशिक्षण केंद्र में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद एकत्र होकर विकास भवन पहुंचे और जिला युवा कल्याण अधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के आह्वान पर प्रदेश के सभी 13 जिलों में महिला और पुरुष जवान कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। जवानों की मांग है कि उन्हें होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता दिया जाए। साथ ही वर्षभर 365 दिन रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संगठन के अनुसार, मांगों को लेकर जवान पहले एकता विहार धरना स्थल पर 110 दिन तक धरना दे चुके हैं। उस दौरान विभागीय मंत्री ने कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ कैबिनेट बैठकें होने के बाद भी निर्णय नहीं हुआ। जवानों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।