संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। परिवहन निगम के कार्यालयों की शिफ्टिंग के कारण बस अड्डे के पूछताछ काउंटर और बसों के मासिक पास बनाने का काम प्रभावित हो गया है।
बस अड्डे का काफी हिस्सा इंदिरा चौक-डीडी चौक सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहा है। डिपो के सहायक महाप्रबंधक का कार्यालय और कई पटलों के कक्ष भी इस दायरे में आ रहे हैं। करीब डेढ़ महीने पहले चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे रोडवेज बस अड्डे के हिस्से को चिह्नित कर निशान लगा दिए गए थे, लेकिन रोडवेज प्रबंधन ने सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे कार्यालयों को शिफ्ट नहीं किया था।
बीते सोमवार को मेयर विकास शर्मा ने अधिकारियों के साथ रोडवेज डिपो परिसर का निरीक्षण किया था। मेयर ने निगम के कार्यालय शिफ्ट न होने पर नाराजगी जताई थी। चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे कार्यालयों को शिफ्ट करने को कहा था। मंगलवार को डिपो के एजीएम कार्यालय के साथ ही बस अड्डे के भवन में स्थित सभी कार्यालयों को डिपो के कर्यशाला परिसर स्थित भवन में शिफ्ट कर दिया है।
बस अड्डे के भवन को ध्वस्त करने की कार्यवाही शुरू हो गई है। यात्रियों के विश्राम के लिए बना शेड तोड़ दिया गया है। पूछताछ काउंटर और मासिक पास कक्ष का संचालन पूरी तरह बाधित हो गया है। डिपो के एजीएम श्रीराम कौशल का कहना है कि पूछताछ काउंटर और मासिक पास काउंटर नए बस अड्डे के भवन में संचालित किए जाएंगे।
-इंसेट:
नए बस अड्डे के संचालन में लगेगा समय
बस अड्डा परिसर को आईएसबीटी में तब्दील किया जा रहा है। कार्यशाला के पास ही नए बस अड्डे का निर्माण किया गया है। बस अड्डे का कुछ काम शेष है। नए बस अड्डे के संचालन में अभी काफी समय लगने की संभावना है।
-फोटो07पी-रुद्रपुर के पुराने रोडवेज बस अड्डे के यात्री शेड को ध्वस्त करते श्रमिक। संवाद