खटीमा। मेलाघाट मार्ग पर सोमवार रात तीन दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस अब तक 15 से 20 संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
मेलाघाट मार्ग स्थित मोबाइल की दुकान गौरी कॅम्युनिकेशन के दोमंजिले छत की मुमटी को काटकर चोरों ने गल्ले से नौ लाख रुपये चोरी कर लिए थे। संजय इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान के गल्ले से पांच हजार रुपये चोरी हुए थे। बगल में स्थित किशनलाल जनरल स्टोर की भी दीवार तोड़कर चोर भीतर घुसे थे। जांच में जुटी पुलिस अब तक लगभग 20 संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन उनसे पूछताछ में कोई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
सूत्रों के अनुसार, चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोरों के रेलवे स्टेशन की ओर भागने की आशंका है। लेकिन मार्ग पर सीसी टीवी कैमरे न होने से खुलासे में पुलिस को मदद नहीं मिल पा रही है। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस की चारों टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।