बाजपुर। क्षेत्र के हजीरा भस्सूवाला गांव में एक झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में घर में रखी नकदी सहित सभी घरेलू सामान जल कर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। मंगलवार की शाम हजीरा भस्सूवाला निवासी राजेंद्र सिंह की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग में झोपड़ी के अंदर रखा फ्रिज, एलईडी सहित सभी घरेलू सामान और कुछ नकदी जल गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त घर के अंदर कोई नहीं था। आग लगने का कारण का पता नहीं चल सका। सूचना पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पवन शर्मा, अभिषेक तिवारी ने मौके पर पहुंचकर अग्नि पीड़ित परिवार का हाल जाना। उन्होंने एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।