बाजपुर पुलिस ने एक महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत के मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। आरोप है कि गांव कनौरा निवासी नीरज देवी की 21 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
मृतका के पिता चिरंजीलाल ने कोतवाली में तहरीर देकर दामाद चेतन और पुत्रवधू संतोष पर बेटी का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नीरज देवी की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। जिस पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति चेतन और भाभी संतोष देवी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। एसएसआई जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस चेतन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार को पुलिस ने दबिश देकर आरोपी संतोष देवी निवासी यूपी के गांव किशनपुर मौलागढ़ रामपुर को गिरफ्तार कर लिया।