देवप्रयाग में संगम के पास एक महिला ने भागीरथी नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में बहता देख संगम पर तैनात जल पुलिस के जवान राणा ने तुरंत अपनी जान जोखिम में डालकर गंगा नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव के कारण वह करीब 100 मीटर आगे जाकर ओझल हो गई।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरफ की टीमों ने नदी के दोनों छोरों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। संगम पर पूजा कराने आए लोगों का कहना है कि महिला करीब डेढ़ घंटे से वहीं बैठी हुई थी और अचानक उसने नदी में छलांग लगा दी। घटना के समय महिला ने अपने कंधे पर एक बैग भी लटका रखा था।
कोतवाल कृष्ण कांत ने बताया कि अभी तक कोतवाली में किसी भी व्यक्ति द्वारा महिला की गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस और राहत दल महिला की तलाश में जुटे हुए हैं और सर्च अभियान लगातार जारी है।