भोगपुर गांव के पास स्थित जस्सी स्पोर्ट्स अकादमी में बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने अकादमी परिसर में रखे व्यायाम करने के सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के समय अकादमी के संस्थापक दीपक सैनी कुछ युवाओं के साथ अंदर मौजूद थे। उनका आरोप है कि यदि वह अकादमी से बाहर निकलकर आते तो उनपर भी हमला हो सकता था। मामले की तहरीर भिक्कमपुर पुलिस को दी गई है।
तिलकपुरी गांव निवासी दीपक सैनी ने भोगपुर के निकट युवाओं को पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी कराने के लिए जस्सी स्पोर्ट्स अकादमी संचालित कर रखी है। दीपक सैनी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात वह कुछ युवाओं के साथ अकादमी में रुके हुए थे। देर रात करीब आधा दर्जन अज्ञात लोग अकादमी में घुस आए और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया।
हमले में अकादमी में रखा व्यायाम का सामान भी तोड़ दिया गया। दीपक सैनी का कहना है कि अकादमी पर हमला होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार इसी तरह अकादमी को निशाना बनाया जा चुका है। दोनों मामलों में पुलिस को तहरीर दी गई थी लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलने पर भिक्कमपुर चौकी अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला संज्ञान में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।