ऐथल गांव में स्मार्ट मीटर लगाने गई टीम को झेलना पड़ा विरोध
लक्सर। ऐथल गांव में स्मार्ट मीटर लगाने गई ऊर्जा निगम की टीम को ग्रामीणों का भारी विरोध झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अधिकारियों को स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिए। काफी समझाने के बावजूद लोगों का विरोध शांत नहीं होने पर विभागीय टीम को बैरंग लौटना पड़ा। विरोध के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
ऊर्जा निगम की ओर से इन दिनों नगर और देहात क्षेत्र में पुराने बिजली मीटरों को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कई स्थानों पर विभाग को विरोध भी झेलना पड़ रहा है। शनिवार को ऊर्जा निगम की टीम तहसील क्षेत्र के ऐथल गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी लेकिन इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीण यहां एकत्रित हो गए और स्मार्ट मीटर नहीं लगाने देने की बात कहते हुए विरोध किया व जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार जबरन उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर थोपने का प्रयास कर रही है। पहले ही महंगी बिजली की मार झेल रहे उपभोक्ताओं पर इससे अतिरिक्त भार पड़ेगा। ऊर्जा निगम के एसडीओ अमीचंद और सचिन सचदेवा सहित अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। काफी प्रयासों के बावजूद ग्रामीणों का विरोध कम होने के बजाय बढ़ने पर आखिरकार टीम को वापस लौटना पड़ा। एसडीओ सचिन सचदेवा ने बताया कि ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। शनिवार को मीटर लगाने का कार्य नहीं हो सका।