नगर में जलमग्न हुई एक काॅलोनी में पिता-पुत्र निर्माणाधीन मकान में फंस गए। चारों ओर जलभराव के बीच मकान की शटरिंग धंसने से खतरनाक स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बोट से परिवार को रेस्क्यू किया गया।
लक्सर निवासी श्रीराम रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। वह नगर की आदर्श कालोनी में बसेड़ी मार्ग पर मकान का निर्माण करा रहे हैं। निर्माणाधीन मकान में शटरिंग की गई है। बुधवार रात को वह अपने पुत्र संजीव के साथ निर्माणाधीन मकान में ही रुके थे। रात भर बारिश के बाद कालोनी में जलभराव हो गया। बृहस्पतिवार को भी बारिश के कारण वह मकान से नहीं निकल सके।
इस बीच यहां कई फीट जलभराव होने से वह मकान में फंस गए। शटरिंग भी धंसने लगी। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को इसकी सूचना दी। पालिका प्रशासन के अवगत कराने पर एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। बोट की मदद से एसडीआरएफ ने पिता-पुत्र को निर्माणाधीन मकान से रेस्क्यू किया। इस दौरान ईओ मोहम्मद कामिल, सुरेंद्र झा, मोहम्मद गुलशनव्वर सहित पालिका प्रशासन के अधिकारी और एसडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।