शादी समारोह से लौट रहे व्यापारी नेता की कार लक्सर-रुड़की हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में व्यापारी नेता अजय वर्मा के भतीजे शलभ वर्मा की मौत हो गई। अजय वर्मा, उनकी पत्नी और शलभ वर्मा की पत्नी व दोनों बच्चे घायल हो गए। घायलों को देहरादून, मुजफ्फरनगर और लक्सर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसा बृहस्पतिवार देर रात को लक्सर-रुड़की हाईवे पर थिथौला के पास हुआ।
व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष अजय वर्मा परिजनों के साथ बृहस्पतिवार को रुड़की में एक शादी समारोह में गए थे। रात करीब 10 बजे सभी लोग लौट रहे थे। कार में अजय वर्मा, उनकी पत्नी सुनीता, अजय वर्मा के भतीजे शलभ वर्मा, शलभ की पत्नी मोहिनी और शलभ के बेटा व बेटी सवार थे।
बताया गया कि थिथौला के पास स्पीड ब्रेकर पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में शलभ की मौत हो गई। अजय उनकी पत्नी सुनीता, शलभ की पत्नी मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चों को भी चोट आई। राहगीरों ने उन्हें कार से बाहर निकाला। इस बीच जानकारी पर उनके परिजन और परिचित भी मौके पर आ गए।
घायलों को पहले रुड़की के अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत के कारण अजय और उनकी पत्नी को देहरादून, मोहिनी को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। दोनों बच्चों को लक्सर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शलभ के शव का पोस्टमार्टम कराया।
हादसे पर जताया शोक
हादसे में शलभ की मौत की सूचना पहुंचते ही नगर में व्यापारियों में शोक व्याप्त हो गया। व्यापारी, रिश्तेदार और परिचित रात को ही अजय के घर पहुंचे। कुछ रिश्तेदार और परिचित अलग-अलग अस्पतालों में परिजन के पास मौजूद हैं। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, नगर पालिका अध्यक्ष संजीव कुमार, पूर्व नपा अध्यक्ष अंबरीश गर्ग, व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, राजेंद्र वर्मा, पुनित, शेर सिंह, सतीश, राहुल अग्रवाल, सेवाराम सिंघल, जसवीर सिंह सहित कई व्यापारी, जनप्रतिनिधि और परिचित लोगों ने घर पहुंचकर हादसे पर शोक जताते हुए परिजन को ढांढस बंधाया।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार।पुलिस
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार।पुलिस