हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर काॅलेज की प्रबंध समिति के चुनाव स्थगित किए जाने पर आवेदकों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि प्रबंध समिति का कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव निरस्त किया गया है। कोरम पूर्ण होने पर चुनाव कराए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर काॅलेज की प्रबंध समिति का चुनाव हंगामे के बाद निरस्त कर दिया गया। प्रधानाचार्य पूनम रानी शर्मा ने बताया कि बीते वर्ष सितंबर माह में विद्यालय समिति के आजीवन सदस्यों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रबंध समिति के चुनाव पर चर्चा की गई।
जनवरी माह में तय किया गया कि 9 फरवरी को चुनाव के लिए नामाकंन, 10 फरवरी को नामांकनपत्रों की वापसी, 11 फरवरी को जांच व 12 फरवरी को चुनाव कराया जाएगा, जिसकी सूचना सभी आजीवन सदस्यों को पत्र भेज कर दी गई। बृहस्पतिवार को चुनाव प्रक्रिया के लिए खंड शिक्षाधिकारी व विद्यालय प्रशासक धनवीर बिष्ट विद्यालय पहुंचे।
बिष्ट ने बताया कि विद्यालय समिति के 24 आजीवन सदस्य हैं। चुनाव के लिए न्यूनतम एक तिहाई सदस्य मौजूद होने चाहिए। प्रबंध समिति में प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष, संरक्षक इसके अलावा न्यूनतम 6 सदस्य होने चाहिए लेकिन इन सब के सापेक्ष पांच ही सदस्य आए थे और इन्होंने ही प्रबंध समिति के विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया था। यहीं पांच लोग आपस में एक-दूसरे के प्रस्तावक और अनुमोदक भी बने थे। कोरम पूरा न होने पर चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। वहीं आवेदकों ने चुनाव निरस्त करने पर आक्रोश जताया है।
-
इन्होंने किया था आवेदन
अध्यक्ष पद पर पंकज गुप्ता, उपाध्यक्ष पद पर प्रभु दयाल, कोषाध्यक्ष पद पर पर प्रवीण ध्यानी, प्रबंधक पद पर पूनम गुप्ता, उप प्रबंधक पर बीएम शर्मा ने नामांकन किया था। आवेदकों ने आरोप लगाया कि जानबूझ कर चुनाव निरस्त किए गए हैं। वर्ष 2019 से विद्यालय की प्रबंध समिति का गठन नहीं किया गया है।