डोईवाला। सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला को ज्ञापन देकर पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए डोईवाला में उपकोषागार खुलवाने की मांग की है। बताया कि उपकोषागार के अभाव में पेंशनरों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
डोईवाला के सेवानिवृत्त पेंशनर संगठन के पदाधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कृषाली और नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में विधायक बृजभूषण गैरोला से मिले। उन्होंने उपकोषागार न होने से हो रही दिक्कतों से अवगत कराया। अवगत कराया कि उपकोषागार के लिए पदों की स्वीकृति हो चुकी है लेकिन संचालन अभी तक नहीं हो सका है। विधायक बृजभूषण गैरोला ने आश्वस्त किया कि डोईवाला में उपकोषागार उनकी प्राथमिकता में है। जल्द इस संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इसको शुरू कराया जाएगा। इस दौरान शाखा अध्यक्ष धर्म सिंह कृषाली, सोहन सिंह नेगी, चतरसिंह पुंडीर, मदन सिंह बुटोला आदि मौजूद रहे।