- लोगों ने विभाग से खराब बुलडोजर को जल्द सड़क व आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की उठाई
ढालवाला। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। हाईवे पर पिछले कई महीनों से खराब पड़ा बुलडोजर अब वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसे का कारण बन रहा है। सड़क के एक हिस्से में खड़ी मशीनरी के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं, रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुलडोजर सड़क के एक हिस्से में इस तरह खड़ा है कि वाहन चालकों को उससे बचकर निकलना पड़ता है। दिन में किसी तरह स्थिति संभल जाती है, लेकिन रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों के बुलडोजर से टकराने का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति अधिक जोखिम भरी है। स्थानीय निवासी महेश कुमार और रत्नेश पंवार आदि ने बताया कि बुलडोजर हटाने को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने विभाग से खराब मशीनर को जल्द सड़क से हटाने और हादसे की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
कोट:
मामला अभी तक संज्ञान में नहीं था। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का मुआयना कराया जाएगा और जल्द से जल्द खराब बुलडोजर को सड़क से हटवाकर मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा।
— प्रवीण कर्णवाल, अधिशासी अभियंता,लोक निर्माण विभाग