पिथौरागढ़। कांग्रेस ने टनकपुर-तवाघाट हाईवे की खराब हालत को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर एकत्र होकर सरकार का पुतला जलाया।
उन्होंने कहा कि घाट बैंड के पास दो साल से डंप मलबा नहीं हटा है जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। हजारों यात्री और वाहन चालक हर रोज जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने ऑलवेदर सड़क के दावों को झूठा बताया।
उन्होंने कहा कि इस सड़क पर पहाड़ियां दरक रही हैं और गड्ढे बन गए हैं। मानसून और आदि कैलाश यात्रा शुरू होने से पहले सड़क दुरुस्त करने की मांग की गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जल्द सड़क ठीक न होने पर वे सड़कों पर उतरेंगे।
यहां पूर्व दायित्वधारी महेंद्र लुंठी, पार्षद राहुल लुंठी, हिमांशु ओझा, सुधीर चौहान, निकीता हावर्ड, निशीद उप्रेती, मनु ठकुराठी, आशीष हावर्ड आदि मौजूद थे।