धारचूला से गुंजी को रवाना होते आदि कैलाश यात्री। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। अल्ट्रा मैराथन के समापन के बाद प्रशासन ने आदि कैलाश यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट जारी करना शुरू कर दिया है। बीते दो दिनों में यात्रा के लिए 832 परमिट जारी किए गए हैं। परमिट मिलते ही यात्री भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आदि कैलाश के लिए रवाना हुए।
एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि आदि कैलाश क्षेत्र में अल्ट्रा मैराथन के चलते बीते 28 अक्तूबर से इनर लाइन परमिट का पोर्टल बंद कर दिया गया था। बीते सोमवार फिर से पोर्टल खोल दिया है। सोमवार को 578 और मंलगवार को 254 इनर लाइन परमिट जारी किए गए।
यात्री शांतनु नाथ अपनी पत्नी सोमिष्ठा के अलावा शुभाशीष और अन्य चार दोस्तों के साथ कोलकाता से 1700 किलोमीटर की दूरी तय कर सोमवार देर रात धारचूला पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह पहली बार आदि कैलाश यात्रा पर आए हैं और धारचूला तक का सफर काफी रोमांचक रहा। मंगलवार को परमिट मिलने के बाद सभी हर हर महादेव के जयकारे के साथ गुंजी के लिए रवाना हुए।