हल्द्वानी शहर के काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के दमुवाढूंगा निवासी पूर्व सैनिक पुष्कर सिंह मेहरा (42) का शव शनिवार को भद्यूनी के जंगल में करीब चार किमी अंदर एक पेड़ से लटका मिला। वह 24 अक्तूबर से लापता थे। पुलिस जांच में पूर्व सैनिक के भारी कर्ज में डूबने की वजह से मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने पूर्व सैनिक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कई दिन तक उनकी तलाश हुई और जंगल में डॉग स्क्वाॅड के साथ सर्च अभियान भी चलाया गया था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में अंतिम बार उन्हें भद्यूनी गांव की तरफ जाने वाले मार्ग पर जाते हुए देखा गया था। शनिवार को गांव की कुछ महिलाओं ने जंगल में करीब चार किमी अंदर पेड़ पर सड़ा-गला शव लटका देख पुलिस को सूचना दी। टीम पहुंची और परिजनों से शिनाख्त कराई। पहचान के बाद शव को मोर्चरी भिजवाया गया।
पुलिस के अनुसार, पुष्कर मेहर छह-सात वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार में उनकी पत्नी और एक छोटी बेटी है। शेयर बाजार में उन्होंने काफी निवेश किया लेकिन नुकसान होता रहा। इस दौरान उन्होंने पत्नी समेत अन्य रिश्तेदारों के जेवरात गिरवी रखकर भी बड़ी रकम शेयर बाजार में निवेश की थी लेकिन इस बार भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। तब से वह मानसिक तनाव में थे। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया है। कर्ज में डूबने की बात सामने आई है, फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है।