हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मंत्रिमंडल में जिन नए चेहरों को शामिल किया गया है उनका अपना सामाजिक और राजनैतिक अनुभव है। उनके इस अनुभव का लाभ अब समूचे राज्य के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य का चहुंमुखी विकास है जो समाज के अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जन-गण-मन है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्यों की श्रेणी में शामिल है। विकास योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए जन-गण-मन की भावना के अनुरूप सरकार पूरे प्राणो-प्रण से काम कर रही है।
जनता ने मिथक तोड़ा, हमने वचन किए पूरे
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की जनता ने इतिहास में पहली बार उस मिथक और परिपाटी को तोड़ा है जिसमेंं कहते थे कि यहां एक ही पार्टी की लगातार दूसरी बार सरकार नहीं आती है। राज्य की जनता ने हमें जिस काम के लिए सत्ता सौंपी वह सभी हमने सबसे पहले किए। 2022 में हमने जनता को वचन दिया था वह यूसीसी कानून लागू करके निभाया है। अब गुजरात सरकार भी इसे विधानसभा में पेश कर चुकी है।
आयुक्त दीपक रावत ने सीएम को कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में बताया। धामी ने जनसभा में आने वाले लोगों के लिए बैठने के अलावा पेयजल, साफ-सफाई एवं शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शहरवासी और बाहर से आने वाले लोगों को परेशानी न हो इसके लिए पहले ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। वहां सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्षा दीपा दरमवाल, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट आदि मौजूद थे।
राजनाथ के स्वागत में होर्डिंग्स से पटा शहर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के स्वागत के लिए भाजपा ने नैनीताल रोड के अलावा अन्य सड़कों को भी होर्डिंग्स से पाट दिया है। इन होर्डिंग्स में कहींं राज्य सरकार की चार साल की उपलब्धियां दर्ज हैं तो कहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह समेत स्वयं सीएम पुष्कर सिंह धामी के आदमकद से कहींं अधिक बड़े कटआउट्स लगाए गए हैं।