कैंसर अस्पताल में हो रहा लीनियर एक्सीलरेटर मशीन का इंस्टॉलेशन।
हल्द्वानी। स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट हल्द्वानी में करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जा रही अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर मशीन का इंस्टॉलेशन अंतिम चरण में पहुंच गया है। जनवरी में अस्पताल पहुंची इस मशीन को स्थापित करने का कार्य पिछले करीब पांच महीनों से लगातार चल रहा है।
रविवार को इंजीनियर और तकनीशियन मशीन की केबलिंग व हार्डवेयर इंस्टॉलेशन का कार्य करते दिखे। मशीन को जिस कक्ष में स्थापित किया जा रहा है उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारों ओर लगभग डेढ़ मीटर मोटी कंक्रीट की दीवारें बनाई गई हैं ताकि उपचार के दौरान निकलने वाला रेडिएशन बाहर न जा सके और मरीजों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
लगभग दो माह के भीतर मशीन इंस्टॉल हो जाएगी। इंस्टॉलेशन पूरा होने के बाद मशीन की तकनीकी टेस्टिंग और गुणवत्ता जांच की जाएगी। इसकी रिपोर्ट भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र को भेजी जाएगी। वहां से आवश्यक क्लीयरेंस मिलने के बाद ही मशीन पर मरीजों का उपचार शुरू किया जा सकेगा। - प्रो. डॉ. केसी पांडे, निदेशक
छह जिलों के हजारों मरीजों का हो सकेगा इलाज
नई लीनियर एक्सीलरेटर मशीन शुरू होने के बाद कैंसर मरीजों को आधुनिक और अधिक सटीक रेडियोथेरेपी की सुविधा मिलेगी। मस्तिष्क, स्तन, फेफड़े, प्रोस्टेट सहित कई प्रकार के कैंसर के उपचार पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और सुरक्षित तरीके से हो सकेंगे। मशीन के संचालन से कुमाऊं मंडल के साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उन्नत उपचार उपलब्ध होगा। उनका समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे।