कोटद्वार। ग्रामसभा काशीरामपुर और मानपुर में गुलदार की दहशत से लोगों को निजात नहीं मिल रही है। मानपुर गांव में चार दिन पहले गुलदार जहां एक व्यक्ति पर हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर चुका है, वहीं काशीरामपुर में गुलदार लगातार लोगों के पालतू पशुओं को निवाला बना रहा है। ग्राम प्रधान काशीरामपुर सुनीता देवी ने लैंसडौन वन प्रभाग से ग्रामसभा में पिंजरा लगाने की मांग की है।
मानपुर गांव में एक व्यक्ति पर हमले के बाद भी लगातार गुलदार दस्तक दे रहा है। वन सीमा से सटे गांवों में ऐसा कोई दिन नहीं रहता हो, जब गुलदार आबादी में न धमक रहा हो। काशीरामपुर की प्रधान सुनीता देवी का कहना है कि एक सप्ताह से उनकी ग्राम पंचायत में गुलदारों का झुंड सक्रिय है। गुलदार अब तक पांच कुत्तों को अपना निवाला बना चुके हैं। घटनाओं की सूचना प्रतिदिन वन विभाग को दी जा रही है, लेकिन वन विभाग इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। कई बार वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की गई है।
लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के वन क्षेत्राधिकारी एसपी कंडवाल ने कहा कि वन विभाग की टीमें ग्राम काशीरामपुर और मानपुर समेत जंगल से सटे गांवों में लगातार गश्त कर रही हैं। गुलदार उन क्षेत्रों में अधिक दस्तक दे रहा है, जहां अधिक अंधेरा होता है। यदि लोग रात में घरों के बाहर लगी लाइटों को खोलकर रखे तो वन्यजीवों की चहलकदमी कम हो जाएगी।