सिडकुल। कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों और निहंग सिख युवकों के बीच हुई मारपीट के मामले में सिख समाज ने नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। श्रीगुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति और अन्य सिख संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
समिति के संचालक बाबा पंडत और अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लो ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने सिख युवकों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की है। उनका कहना है कि दूसरे पक्ष ने पहले डंडों से हमला किया था, जबकि सिख युवकों ने आत्मरक्षा में कृपाण उठाई थी। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की।
सिख समाज ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने दूसरे पक्ष पर भी जल्द कार्रवाई नहीं की तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान उज्ज्वल सिंह सेठी, हरभजन सिंह बाजवा, जोगिंदर सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।