बहादराबाद। क्षेत्र में सड़क पार कर रहे 12 वर्षीय बालक को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने हाइड्रा मशीन के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। किशोर की हालत गंभीर है और उसका एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार निवासी बच्चन सिंह कॉलोनी मुजफ्फरनगर ने शिकायत में बताया कि 11 जुलाई को उनका 12 वर्षीय भतीजा कन्हैया अपनी मां अंतिमा देवी के साथ बहादराबाद के एक अल्ट्रासाउंड सेंटर से पैदल घर लौट रहा था। सेंटर से करीब 100 मीटर आगे पीछे से तेज गति से आए हाइड्रा वाहन ने कन्हैया को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल बालक को पहले जया मैक्सवेल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। कन्हैया का इलाज एम्स में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तलाश की जा रही है।