- भूमि को सुरक्षित रखने के लिए विभाग की बेहतर पहल
- पर्यावरण संरक्षण के साथ राहगीरों को छाया भी मिलेगी
बहादराबाद। नहर पटरी मार्ग बहादराबाद पर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बुधवार को लगभग 50 पौधे रोपे गए। बताया गया कि सिंचाई विभाग की इस भूमि पर बीते कई वर्षों से खोखे और झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर अस्थायी अतिक्रमण किया गया था। अतिक्रमण के कारण विभागीय कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग ने दिसंबर 2025 में विशेष अभियान चलाकर करीब एक हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया था। अधिकारियों के अनुसार, दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए विभाग ने ठोस कदम उठाए हैं। सप्ताहिक पीठ बाजार के दोनों मुख्य मार्गों पर खाई खोदी गई व पौधारोपण किया गया। सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि पर मुख्य रूप से अस्थायी अतिक्रमण था जिसे हटाने के बाद अब विभाग भविष्य में किसी भी प्रकार के कब्जे को रोकने के लिए सतर्क है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना भी है।