चंपावत/लोहाघाट/पूर्णागिरि। जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जल संस्थान और जल निगम ने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोहाघाट के छमनिया क्षेत्र में हैंडपंप की आयरन रिमूवल किट खराब होने की शिकायत पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरपी डोबवाल ने बताया कि देहरादून की अनुबंधित फर्म के माध्यम से मरम्मत का कार्य 12 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं, पाटन पाटनी क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान 17 मार्च तक करने का लक्ष्य है। धूरा ग्राम पंचायत में पेयजल किल्लत को देखते हुए विभाग ने टैंकरों से आपूर्ति शुरू कर दी है।
यहां पूर्व में स्थापित नलकूप में वर्षा की कमी के कारण जल स्तर कम हुआ है, इसके स्थायी समाधान के लिए धूरा क्षेत्र से नीचे उपलब्ध स्रोत से नई पेयजल योजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही दो नए हैंडपंपों के लिए स्थलों का चयन और चौड़ाकोट हैंडपंप को सोलर आधारित बनाने की मांग पर भी विचार किया जा रहा है। राईकोट महर योजना के तहत वितरण प्रणाली का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, ग्रान बगेड़ी धौन के धार्मिक स्थलों पर पेयजल आपूर्ति का कार्य 20 दिनों के भीतर पूर्ण करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया है।
पूर्णागिर के लिए तकनीकी टीम रवाना
पूर्णागिरि। पूर्णागिरी क्षेत्र के जल संयोजन में आ रही बाधा को दूर करने के लिए तकनीकी टीम को मौके पर रवाना किया गया है। धूरा में एक सप्ताह पूर्व मरम्मत किए गए हैंडपंप की जांच की गई, जो वर्तमान में सुचारू रूप से कार्य कर रहा है।