जिलासू। क्षेत्र के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया कि उन्होंने करीब पांच-छह महीने पहले पोर्टल पर आवेदन किया था। संतोष तिवारी और प्रेम सिंह सहित अन्य किसानों के आवेदन भी अभी तक लंबित हैं। ई-केवाईसी और किसान पंजीकरण जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। इसके बावजूद आवेदन ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन लंबित दिखा रहा है। इस देरी के कारण किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लाभ दिलाने की मांग की। वहीं कृषि विभाग के भूमि संरक्षण अधिकारी राजेश खेतवाल ने बताया कि पोर्टल की आईडी एनआईसी को भेजी गई है। केंद्र सरकार से आईडी अनुमोदित होते ही लंबित कार्रवाई पूरी कर दी जाएगी। संवाद
15 बच्चों और एक गर्भवती का किया टीकाकरण
जिलासू। जिलासू क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में करीब 15 बच्चों और एक गर्भवती का टीकाकरण किया गया है। टीकाकरण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुषमा देवी, सतेश्वरी देवी, सरस्वती देवी और सर्वेश्वरी बर्तवाल ने पूरा किया। बच्चों को पेंटावैलेंट और 14 वर्ष के किशोरों को एचपीवी के टीके लगाए गए। गर्भवती को टीडी का टीका लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि समय पर टीके लगाना नियमित टीकाकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संवाद
जीआईसी नैणी में शिक्षक-अभिभावक संघ का गठन
नंदासैंण। राजकीय इंटर कॉलेज नैणी में शिक्षक-अभिभावक संघ का गठन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन में सुधार पर चर्चा की गई। शनिवार को आयोजित बैठक में शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर विद्यालय के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। ज्योति कैलखुरा को संघ का अध्यक्ष चुना गया। प्रधानाचार्य जीसी डिमरी पदेन उपाध्यक्ष बने। अंग्रेजी प्रवक्ता विजय सिंह चौहान सचिव और लीला देवी सहसचिव चुनी गईं। एसएमसी अध्यक्ष सरिता देवी, राजेश सिमल्टी और विनोद नेगी समेत अन्य अभिभावक व शिक्षक उपस्थित थे। संवाद