गोपेश्वर। जिले में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी (खेल महाकुंभ) का आयोजन एक सितंबर से शुरू होगा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिकाओं की प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत स्तर पर 1 से 10 सितंबर, विधानसभा स्तर पर 11 से 20 सितंबर और संसदीय क्षेत्र स्तर पर 21 से 30 सितंबर तक होंगी। राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 10 सितंबर से 30 अक्तूबर तक होगा।
सीडीओ ने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी कर अधिकतम खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेंद्र द्विवेदी ने खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद