गोपेश्वर। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि पीपलकोटी में टीएचडीसी की टनल निर्माण में घोर लापरवाही बरती जा रही है। पिछले साल भी यहां की टनल में बड़ी दुर्घटना हुई थी। इस बार जहां यह घटना हुई वह पहले से संवेदनशील क्षेत्र था। उसके बावजूद वहां पर सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए। उन्होंने प्रदेश सरकार से हादसे में मृतकों के परिजनों को 50 लाख और घायलों को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की।
घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे विधायक ने कहा कि इस घटना के बाद वह तुरंत घटनास्थल पर गए। वहां टनल के अंदर हवा को फेंकने वाली मशीन बंद पड़ी थी। यह बड़ी चूक कही जाएगी। टीएचडीसी के जीएम को भी इसके बारे में अवगत कराया और ऐसी लापरवाही न बरतने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर यह घटना हुई वह पहले से संवेदनशील क्षेत्र था। इंजीनियरों व स्थानीय लोगों ने इस बात की पुष्टि की। उसके बावजूद वहां पर सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए। संवाद