सीमा पर सेना व अर्द्धसैनिक बल की आवाजाही होगी सुगम
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को चमोली जिले के सीमांत क्षेत्र से लगे नीती घाटी में पांच पुलों का वर्चुअली उद्घाटन किया। इन पुलों के बनने से सेना और अर्द्धसैनिक बलों की चीन सीमा पर आवाजाही काफी सुगम हो जाएगी।
रक्षा मंत्री ने रविवार को देश की 125 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का वर्चुअली उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में उत्तराखंड की सात परियोजनाएं शामिल हैं जिसमें पांच पुल चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-नीती हाईवे पर सीमा से सटे क्षेत्र में बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) की ओर से तैयार किए गए हैं। इन पुलों में सुराईथोटा पुल, पंगती पुल, गुरकुटी पुल, गमशाली पुल और नीती पुल शामिल हैं। इन पुलों के बनने से जहां नीती घाटी के ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी वहीं सेना के भारी वाहन भी आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। रक्षा मंत्री की ओर से वर्चुअली उद्घाटन के बाद स्थानीय स्तर पर सुराईथोटा में आयोजित कार्यक्रम में ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी ने रिबन काटकर शिलापट्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर बीआरओ के अधिकारी, जवान, स्थानीय लोग और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।