बागेश्वर। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न आयुष्मान आरोग्य केंद्रों की ओर से ग्राम स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य टीमों ने घर-घर जाकर जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की जांच की और ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया।
सोमवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर रावतसेरा की ओर से माणा में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। सीएचओ रेनू के नेतृत्व में टीम ने एचबीएनसी कार्यक्रम के तहत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रसवोत्तर देखभाल के तहत महिलाओं के रक्तचाप, शुगर और तापमान की जांच की गई। धात्रियों को स्तनपान के महत्व और पौष्टिक आहार की विस्तृत जानकारी दी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर कमेड़ीदेवी की ओर से खंतोली के बिगुल में ग्राम स्वास्थ्य और पोषण दिवस सीएचओ कोमल और एएनएम हेमा की देखरेख में आयोजित शिविर में गर्भवतियों का रूटीन चेकअप किया गया और नवजात शिशुओं का टीकाकरण हुआ।