बिनसर महादेव मंदिर में कथा सुनते श्रद्धालु।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। ग्राम विजयपुर, धनखलगांव के सहयोग से बिनसर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा चौथे दिन भी जारी रही। कथा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति समेत श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण कर रहे हैं। प्रातः धार्मिक अनुष्ठानों के बाद दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कथा व्यास महंत अमावश गिरि जी महाराज श्रीराम कथा का वाचन कर रहे हैं। इसके बाद देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चल रहा है। कथा के मुख्य यजमान गोपाल सिंह रौतेला हैं। आयोजन में महंत ओम गिरि जी महाराज समेत ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं। नौ दिवसीय श्रीराम कथा का समापन 27 अगस्त को पूर्णाहुति, हवन और विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से कथा और भंडारे में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।