बागेश्वर। जिले के सरकारी और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मिशन कोशिश का खाका तैयार कर लिया गया है। इसके तहत कक्षा एक से 12 तक के उन बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जिनका पिछली कक्षा में सीखने का प्रतिफल कमजोर रहा है।
अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण की निदेशक वंदना गर्ब्याल की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह कार्यक्रम एक अप्रैल से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के शुरुआती चरणों में शिक्षक वार्षिक परीक्षा परिणामों के आधार पर विषयों पर कम पकड़ वाले विद्यार्थियों को चिह्नित करेंगे।
अप्रैल से जून तक इन विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक और सुधारात्मक शिक्षण कार्य संचालित किए जाएंगे। मिशन कोशिश की सफलता के लिए प्रत्येक विषयाध्यापक को अप्रैल के पहले सप्ताह में अपनी शिक्षक डायरी तैयार करनी होगी।
इसमें विद्यार्थी पिछली कक्षा के कमजोर क्षेत्रों और उन्हें सुधारने की शिक्षण कार्ययोजना का विवरण अनिवार्य रूप से अंकित करना होगा।