जागेश्वर (अल्मोड़ा)। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में चल रहे मास्टर प्लान को राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण की अनुमति नहीं मिलने से मंदिर समूह के सौंदर्यीकरण समेत विकास कार्य बाधित हो गए है। कुबेर मंदिर समूह में लाइटिंग सहित विभिन्न कार्य लंबे समय से बंद पड़े हैं। वहीं मास्टर प्लान के कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सरकार की ओर से जागेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण के लिए मास्टर प्लान बनाया गया था। इसके तहत मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण व अन्य विकास कार्य किए जाने थे। लेकिन कार्यो में रोक लगने से सभी कार्य ठप पडे़ हैं। मास्टर प्लान का कार्य देख रहे पीडब्ल्यूडी के अपर सहायक अभियंता योगेश जोशी ने बताया कि भारतीय पुरातत्व विभाग की ओर से सर्वेक्षण की अनुमति नहीं मिलने के कारण धरातल पर कार्य संभव नहीं हो पा रहे हैं। जैसे ही अनुमति प्राप्त होगी उसके बाद मास्टर प्लान के सभी विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। अधीक्षक पुरातत्वविद डॉ. मोहन जोशी ने बताया कि इस कार्य में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण का कोई हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण की अनुमति मिलने के बाद ही जागेश्वर धाम में मास्टर प्लान के तहत कार्य किए जा सकेंगे।