20 प्रतिशत सूख गए पौधे तब भी कायम रहेगा रिकॉर्ड
वाराणसी। 20 प्रतिशत पौधे सूख भी गए तब भी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम रहेगा। एक घंटे में 2,51,446 पौधरोपण कर चीन के रिकॉर्ड को ध्वस्त करने का काम नगर निगम वाराणसी ने किया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम के रणनीतिकार निश्चल बारोट ने बताया कि पौधों की काउंटिंग की गई थी। केवल हरे पौधे ही लिए गए थे। जो सूखे और पौधरोपण के दौरान गिर गए थे उन्हें सम्मिलित नहीं किया गया था।
25 कैमरे, 20 हाईमास्ट लगाए जाएंगे
सच्चाई का पता लगाने मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सूजाबाद डोमरी का डेढ़ घंटे निरीक्षण किया। मेयर ने कहा कि यहां पर 25 सीसीटीवी लगाए जाएंगे। साथ ही 20 हाईमास्ट लगाए जाएंगे। इनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जहां से एक-एक पौधों पर नजर रखी जाएगी।
हाईमास्ट लाइटिंग के अलावा यहां सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर की संख्या बढ़ाई जाएगी। यहां पर गाय, भैंस, सांड़, नीलगाय को रोकने के लिए पशु का सचल दस्ता रहेगा। जो इन्हें पकड़ेगा। नगर आयुक्त ने कहा कि पौधों की सुरक्षा के लिए ड्रोन से न केवल दवाओं का छिड़काव होगा बल्कि निगरानी भी की जाएगी।
आसपास के साधु बोले भगाए गए थे जानवर
आसपास मौजूद मठ के साधुओं ने बताया कि पौधरोपण के बाद कुछ जानवर घुसने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उन्हें भगा दिया गया था। कार्यक्रम वाले दिन फेंसिंग से आने-जाने का रास्ता बनाया गया था। इसे दुरुस्त कराया जा रहा है। कुछ अवांछनीय तत्व यहां चार पहिया गाड़ी लेकर आते हैं जो गाड़ी के अंदर शराब का सेवन करते हैं।