डाला छठ के पूजन के बाद व्रती महिलाओं ने सकुटुंब भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम में भागीदारी की। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के पूर्व सप्ताह भर से भ्रष्टाचार के विरुद्ध देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को 39 बटालियन गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट के नेतृत्व में राजघाट पर गंगा प्रदूषण और भ्रष्टाचार रूपी गंदगी के शमन के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। देवेंद्र बसनेट ने कहा कि समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार रूपी गंदगी के कारण राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक प्रगति बाधित है। नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया। इस दौरान सपना वर्मा, भावना गुप्ता, वीएन मौर्य आदि रहे।