Varanasi News: सावन में काशी विश्वनाथ मंदिर में दलाल सक्रिय हो गए हैं। श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। पुलिस ने एक आरोपी को चार हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में जल्द दर्शन कराने के नाम पर महिला श्रद्धालु से चार हजार रुपये ठगे गए, जिसके बाद सिगरा इंस्पेक्टर ने आरोपी युवक को पकड़ा। साथ ही महिला को चार हजार रुपये वापस कराए। आरोपी को चौक पुलिस ने हिरासत में लिया।
विज्ञापन
कर्नाटक के मैसूर निवासी नंदिनी बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मंदिर पहुंची थीं। चेतगंज निवासी बंसत पांडेय जो खुद को पुजारी बताते हुए बीच लाइन से प्रवेश दिलाने का महिला को झांसा दिया। खुद को प्रभावशाली बताते हुए जल्द दर्शन कराने का भरोसा दिलाया। इसके बदले आरोपी ने महिला से चार हजार रुपये वसूल लिए। मंदिर परिसर में घटना हुई।
मौके से गुजरते समय सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा आरोपी युवक को पकड़ा। आरोपी से ठगे गए रुपये बरामद कर महिला को ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं को ऐसे दलालों से सतर्क रहने की जरूरत है। मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं से सीधे संपर्क करने की अपील की है।