वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा के काजीपुर खुर्द में मंगलवार सुबह ईद मिलादुन्नबी पर विद्युत झालर की सजावट के दौरान पिता सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (45) और पुत्र अनस (18) की करंट लगने से मौत हो गई। सिगरा पुलिस ने पिता-पुत्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। त्योहार की खुशियां क्षण भर में मातम में बदल गईं। काजीपुर खुर्द निवासी सलीमुद्दीन के घर में ईद मिलादुन्नबी की तैयारी चल रही थी।
इलेक्ट्रिशयन नहीं मिलने पर सुबह आठ बजे अनस झालर लगाने लगा। लतर में कुछ बल्ब नहीं जल रहे थे, जिसे वह डायरेक्ट करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान लतर में शॉर्ट सर्किट हो गया और पूरे झालर में करंट दौड़ गया। अनस करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। बेटे को छटपटाता देख पिता सलीमुद्दीन बचाने दौड़े, लेकिन वह भी करंट की जद में आकर तार से चिपक गए।
काफी देर तक दोनों तार से चिपके रहे। शोर सुनकर पड़ोसी और परिजन पहुंचे और घर के मेन लाइन का स्विच बंद किया। परिजनों ने तुरंत दोनों को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तीन भाइयों में सबसे बड़े सलीमुद्दीन क्षेत्र के एमजे मैरिज लॉन में मैनेजर थे। दोनों भाई पावरलूम का काम करते हैं। सलीमुद्दीन के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी है। परिवार की जिम्मेदारियां सलीमुद्दीन के कंधे पर ही थी। बेटे और पति का एक साथ शव देखकर पत्नी बेसुध हो गईं। वहीं, बेटी का भी रो-रोकर बुरा हाल है।