सेवापुरी में अंबेडकर जी की प्रतिमा टूटी पड़ी
कुरु गांव के ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम पिंडरा, एडीसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सेवापुरी। कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु गांव में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को बृहस्पतिवार रात शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीण आक्रोशित हो गए। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी गोमती नृपेंद्र कुमार ने स्थिति संभाली। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद दूसरी प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया गया। शाम को नई प्रतिमा स्थापित कराई गई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ दिन पूर्व भी क्षतिग्रस्त किया गया था। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि पुलिस को निर्देश दिया गया है कि ऐसे शरारती तत्वों को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज करें। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त किया। एसीपी राजातालाब ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।