अवैध वसूली के आरोप में एसपी ने तीन सिपाहियों को किया निलंबित
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे टोल प्लाजा पर अवैध वसूली के आरोप में गाजीपुर पुलिस अधीक्षक ने सोमवार की देर शाम थाने पर तैनात तीन सिपाहियों अजय सिंह, युवराज सिंह और दीपू कुशवाहा को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने पर यह कार्रवाई की गई है।
इसे भी पढ़ें; UP: प्रतिबंधित आर्मेनियाई एप 'जंगी' का सोनभद्र में इस्तेमाल, अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से मिला कनेक्शन
पुलिस अधीक्षक के आदेश में कहा गया है कि उक्त आरक्षी ड्यूटी पर होने या ड्यूटी छोड़कर रात के समय टोल प्लाजा के पास गाड़ियों से अवैध वसूली कर रहे थे। उनका यह घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता का परिचायक है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबन अवधि में तीनों सिपाही पुलिस लाइन से संबद्ध रहेंगे और बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।
कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हैदरगंज टोल प्लाजा के पास वाहनों से अवैध वसूली के आरोप में तीन सिपाहियों पर कार्रवाई हुई है। तीनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यही नहीं पूरे मामले की जांच चल रही है।
करकच्छी प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले दरोगा-सिपाही निलंबित
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक को रस्सी से बांधकर पिटाई करने, सिर मुंडवाते हुए जूतों की माला पहनाकर अर्धनग्न हालत में घुमाने के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण में लापरवाही बरतने के मामले में आई प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर दरोगा अखिलेश पाठक और सिपाही मोहम्मद सलीम को निलंबित कर दिया गया है। विस्तृत जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन को निर्देशित किया गया है।
करकच्छी गांव में गत बृहस्पतिवार को बाजार से लौट रहे युवक को रास्ते से खींचकर ले जाने, बंधक बनाकर पिटाई करने और सिर मुंडवाते हुए जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाने का मामले सामने आया था। पीड़ित परिवार का आरोप था कि घटना की जानकारी पुलिस को उसी दिन शाम चार बजे दे दी गई थी। लेकिन कार्रवाई तब की गई, जब अगले दिन शुक्रवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों की तरफ से निर्देश दिए गए। पुलिस इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य कौन-कौन लोग इस घटना में संलिप्त हैं? इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
प्राथमिक स्तर पर लापरवाही की पुष्टि के बाद हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि अमर उजाला में इस मसले पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई थी। पुलिस अधीक्षक की तरफ से भी इस मामले में क्षेत्राधिकारी दुद्धी से जांच रिपोर्ट तलब की गई थी। प्राथमिक स्तर पर लापरवाही का मामला सामने आने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का निर्णय लिया गया।
मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही का मामला सामने आने के बाद एक दरोगा और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इस मामले के विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। अन्य किसी के स्तर से लापरवाही मिली तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक वर्मा, पुलिस अधीक्षक