वाराणसी। गंगा के जलस्तर में तेजी से गिरावट आ रही है। कुंभ बीतते ही पतितपावनी का जलस्तर घटना शुरू हो गया था। अब तो उस पार रेत के टीले निकलने लगे हैं। कहीं आठ तो कहीं 10 मीटर तक गंगा में जाने के बाद भी कमर तक ही जल रह गया है। इसकी वजह है मूल धारा का प्रवाह कम होना और अत्यधिक जल दोहन। समय रहते प्रवाह में छोड़ी जाने वाली जलराशि का निर्धारण नहीं हुआ तो गर्मी में स्थिति चिंताजनक हो जाएगी।
दशाश्वमेध घाट से दरभंगा घाट के सामने उस पार नाव किनारे लगाने में दिक्कतें पैदा होने लगी हैं। पार लगने से पहले ही रेत पर नावें टिक जा रही हैं। इससे श्रद्धालुओं को बीच पानी में ही उतरकर नहाने के लिए जाना पड़ रहा है। महामना मालवीय इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालॉजी फार गंगा मैनेजमेंट के निदेशक और नदी वैज्ञानिक प्रो. यूके चौधरी के मुताबिक हरिद्वार के पास भीमगोड़ा बैराज से मनमाने जल दोहन के चलते पूरे बेसिन में गंगा के जल स्तर में गिरावट आ रही है। नरोरा बैराज से भी शत प्रतिशत जल नहरों के लिए निकाला जा रहा है। इस वजह से बेसिन में पेड़-पौधों के सूखने की घटनाएं भी बढ़ेंगी। भूगर्भीय जल स्तर भी तीव्र गति से गिरेगा। भूमिगत जल पर निर्भरता और बढ़ने की उम्मीद है। इससे गंगा के तटीय इलाकों में पानी का संकट बढ़ना स्वाभाविक है। इस स्थिति में सुधार के लिए जरूरी है कि इसके लिए जिम्मेदार सरकारें जलदोहन की तत्काल समीक्षा कर मूल प्रवाह में जलराशि छोड़ने की मात्रा में संतुलन बनाएं। वरना स्थिति संभालना आसान नहीं होगा।
प्वाइंटर
4300 क्यूबिक फीट प्रति सेकेंड जल भीमगोड़ा बैराज से दिल्ली को भेजा जा रहा
6100 क्यूबिक फीट जल प्रति सेकेंड जा रहा है पश्चिमी नहरों को