फोटो-10- रत्नेश कुमार (फाइल फोटो)
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास लघुशंका कर डीसीएम के पास पहुंचे चालक की तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से मौत हो गई। कंटेनर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है। उसने झपकी आने से गाड़ी अनियंत्रित होने की बात बताई है।
एटा जिले के थाना नयागांव के गांव नगलागढ़ी निवासी रत्नेश कुमार (20) पुत्र महावीर डीसीएम में पांच दुधारू भैंस लादकर आजमगढ़ से मैनपुरी जा रहा था। बृहस्पतिवार भोर पहर पांच बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली के देवखरी गांव की पुलिस चौकी के पास चालक रत्नेश डीसीएम को पार्किंग लेन में खड़ी कर लघुशंका करने चला गया। लौटते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर चालक को झपकी आ गई। इससे डीसीएम चालक रत्नेश कुमार को कंटेनर की टक्कर लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपीडा और पीआरवी के साथ देवखरी पुलिस चौकी प्रभारी तफूज अहमद ने घायल को पीआरवी वाहन से बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कंटेनर चालक फर्रुखाबाद जिले के थाना मोहम्मदाबाद के गांव रमियानगला निवासी बृजेश कुमार को हिरासत में ले लिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बड़े भाई अजीत ने बताया कि पिता की चार साल पहले मौत हो चुकी है। बेटे की मौत से मां गुड्डी देवी, बहन रूबी और सूबी बेहाल हैं। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि कंटेनर चालक को हिरासत में लिए है।