सुल्तानपुर। जिले में बाइक से महिलाओं व दंपतियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का सोमवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। गिरफ्तार किए गए तीन शातिरों के पास से लूट का माल, अवैध असलहा, कारतूस और वारदात में प्रयोग की गई बाइक मिली है। बदमाशों ने लंभुआ, मोतिगरपुर व जीआरपी क्षेत्र में हुई लूट की तीन घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
सोमवार को पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि 24 जून को लंभुआ के सोनबरसा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के जोर पर एक दंपती से सोने की चेन, पर्स और मोबाइल फोन लूट लिया था।
विवेचना के दौरान सोमवार को पुलिस ने पिलखिनी तिराहा स्थित चरकहवा पुलिया के पास से कुड़वार के नौगवां रायतासी निवासी पुष्पेंद्र सिंह, रवनिया पश्चिम निवासी आशुतोष पांडेय व पूरे भिखी का पुरवा निवासी शिवा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक माह पहले पुष्पेंद्र ने नई बाइक खरीदी थी। इसके बाद तीनों गिरोह बनाकर उसी बाइक से असलहा लेकर लूट की वारदात अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 17 जून को अमेठी के पीपरपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पारकर रहीं दो महिलाओं से लूट की थी। जीआरपी सुल्तानपुर में इसकी प्राथमिकी दर्ज है।
इसके अलावा मोतिगरपुर के जाजूपुर गेट के पास एक महिला की चेन इन्हीं लोगों ने लूट ली थी। आरोपियों के पास से कुल 10 हजार रुपये, दो चेन, एक लॉकेट, एक मोबाइल फोन, एक असलहा, दो कारतूस व वारदात में प्रयुक्त बाइक मिली है।
-
बदमाशों का रहा है आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह के खिलाफ कुड़वार थाने में पहले से ही मारपीट, एससी-एसटी एक्ट सहित पूर्व से प्राथमिकी दर्ज है। तीनों आरोपियों के खिलाफ लंभुआ, मोतिगरपुर और जीआरपी सुल्तानपुर में दर्ज लूट के मामलों में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।