पुलिस हिरासत में हत्यारोपी त्रिवेणी पाठक (बाएं) व राजाराम (दाएं)।
करौंदीकला। हरीपुर निवासी झाड़-फूंक करने वाले बसंतु पाल की हत्या का शनिवार को जौनपुर जिले की पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक उसकी हत्या झाड़-फूंक के नाम पर लिए गए पैसे न लौटाने पर की गई। वारदात में तीन लोग शामिल थे, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।
जौनपुर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह सुल्तानपुर के करौंदीकला के हरीपुर निवासी बसंतु पाल का शव सुजानगंज के बाबूगंज (फत्तूपुर) गांव में झाड़ियों में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई। हत्या का खुलासा करने के लिए चार टीमें लगी थीं।
मृतक के मोबाइल की सीडीआर की मदद से पुलिस ने शनिवार को त्रिवेणी पाठक निवासी परसथ (बेलवा बाजार) मडियाहूं, जिला जौनपुर व राजाराम निवासी कजाकपुर धोबीघाट, आदमपुर, वाराणसी को बेलवार पुल जौनपुर के पास से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू मिला है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात में सत्तन निवासी ढकवा प्रतापगढ़ भी शामिल था। झाड़-फूंक के नाम पर बसंतु ने उन तीनों से काफी पैसा ले लिया था, जिसे वह नहीं दे रहा था। एएसपी ने बताया कि एक अन्य आरोपी सत्तन की तलाश पुलिस कर रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।