लंभुआ। हरिहरपुर गांव में बृहस्पतिवार को दो पक्षों में मामूली विवाद में लाठी-डंडे चले, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
गांव निवासी रोशनी के मुताबिक उनके पति निरंजन व देवर रंग बहादुर बृहस्पतिवार की शाम महुआ के पेड़ के नीचे साफ-सफाई कर रहे थे। इसी बीच गांव के ही घनश्याम, रामबरन, शुभम, आदित्य, इतवारी व मनीता ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारा पीटा। बचाने दौड़ी रोशनी को भी चाकू से हमला करके घायल कर दिया।
रोशनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, दूसरे पक्ष के इतवारी की तहरीर पर गांव के ही रंग बहादुर व निरंजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनके मुताबिक, आरोपियों ने गालियां और जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि इतवारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जबकि, दूसरे पक्ष की रोशनी की तहरीर की जांच की जा रही है। संवाद