फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची थी हत्या की साजिश, तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
शक्तिनगर। सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना अंतर्गत ग्राम भर्रा में हुए रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38) की हत्या का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि प्रेमी के संग मिलकर पत्नी ने ही पति की हत्या कराई थी। आरोपियों ने युवक को शराब पिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। मामले में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गत 21 जून को ग्राम भर्रा निवासी प्रेमलाल सिंह खैरवार ने सूचना दी थी कि नेशनल हाईवे-39 के किनारे बोल्डरों के पीछे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। शव की पहचान भर्रा गांव निवासी रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह 19 जून को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दो दिन बाद उसका शव बरामद हुआ। मामले में थाना चितरंगी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। एसपी सियाज केएम ने एसडीओपी राहुल सैयाम के मार्गदर्शन टीम गठित की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि रघुनाथ का अपनी पत्नी रामकली खैरवार से अक्सर विवाद होता था। वह शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी आधार पर पुलिस का संदेह पत्नी पर गया। पूछताछ में रामकली बार-बार बयान बदलती रही, लेकिन अंततः उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। एसडीओपी ने बताया कि रामकली की करीब एक वर्ष पहले अपने मायके क्षेत्र सुहिरा में माड़ा थाना क्षेत्र के मलगा निवासी नीरज कुमार शाह से पहचान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। पति से परेशान रामकली ने नीरज से उसे रास्ते से हटाने की बात कही। 19 जून को उसने नीरज को बताया कि उसका पति शादी समारोह में गया है और यही मौका है। इसके बाद नीरज शाह अपने साथी सूरज सिंह गोंड के साथ बाइक से भर्रा पहुंचा। दोनों ने रघुनाथ को शराब पिलाने के बहाने हाईवे किनारे सुनसान जगह पर बुलाया। वहां पहले मारपीट की गई और फिर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे बोल्डरों के पीछे फेंक दिया गया। वारदात के बाद नीरज ने फोन कर रामकली को हत्या की जानकारी दी और दोनों आरोपी वापस मलगा लौट गए। पुलिस ने मामले में नीरज कुमार शाह, सूरज सिंह गोंड और रामकली खैरवार को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें