ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर आठ में स्थित परियोजना के खाली पड़े मकान में सोमवार को संदिग्ध हाल में विमलेश मौर्या (25) का शव पंखे के हुक से लटकता मिला। युवक परिवार वालों का कहना है कि एसएससी की असिस्टेंट परीक्षा में असफल होने के बाद वह निराश था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मृतक के चचरे भाई आशीष मौर्य ने बताया कि बीते छह माह से विमलेश उनके साथ रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था। एक पखवाड़े पूर्व जूनियर असिस्टेंट के परीक्षा परिणाम में असफल होने के चलते वह काफी निराश चल रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर घर से विमलेश कहीं गायब हो गया।
काफी खोजबीन करने के बाद उसका पता नहीं चला तो उसके गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। सोमवार की सुबह लगभग ग्यारह बजे अपने आवास के नीचे खाली आवास के खिड़की को धक्का देकर अंदर देखा गया तो पंखे के हुक से रस्सी के सहारे उनका भाई लटक रहा था। मूलरूप से मृतक ग्राम त्रिलोकपुर जनपद गोरखपुर का निवासी था। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।