हरैया धाम पुल टूटने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : हरैया धाम पुल टूटने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण।
सीतापुर। मछरेहटा के मिरचौड़ी ग्राम पंचायत के हरैया धाम के पास सरायन नदी पर बना बांस का अस्थायी पुल बुधवार देर शाम टूट गया। इस दौरान कुछ लोग नदी में गिर गए, जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला। थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि पुल पर आवागमन बंद करवा दिया गया है। सभी लोग सुरक्षित हैं।
हरैया धाम में बुधवार को भागवत कथा का आयोजन हो रहा था। इस दौरान मेला भी लगा हुआ था। कथा सुनने के लिए मछरेहटा व खैराबाद से बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे। यहां आने जाने के लिए ग्रामीण सरायन नदी पर बांस के अस्थायी पुल का प्रयोग कर रहे थे। इस दौरान भीड़ अधिक हो गई। पुल पर दबाव पड़ा तो वह टूट गया। इस दौरान दो युवक नदी में गिर गए। हालांकि, ग्रामीणों ने उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया। पुलिस ने आवागमन रुकवा दिया। इसके बाद घाट की तरफ जाने वाले रास्ते को भी बंद करवा दिया गया।