गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
- फोटो : amar ujala
सीतापुर के मछरेहटा में बृहस्पतिवार देर शाम प्रधान किराना स्टोर के निकट सड़क से गुजर रहे एक ट्रक में नीचे लटक रहे बिजली के तार उलझ गए। तारों पर अचानक पड़े खिंचाव के कारण सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूटकर नीचे गिर गया। खंभे की चपेट में आने से नई बस्ती निवासी सुबी ( 18 ) की मौके पर मौत हो गई । वहीं मृतका की मां सरोजनी (40) गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें सी एच सी मछरेहटा मे भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घटनास्थल पर बिजली के तार काफी समय से निर्धारित ऊंचाई से नीचे लटक रहे थे और खंभे की स्थिति भी ठीक नहीं थी। लोगों का आरोप है कि कई बार समस्या की जानकारी दिए जाने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक सुधार नहीं कराया गया। उनका मानना है कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो इस हादसे से बचा जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं, बिजली विभाग की कथित लापरवाही के संबंध में भी जांच के बाद ही आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद क्षेत्र में लोग आक्रोशित हैं।