सीतापुर। कोहरे व ठंड के समय कर्मचारियों की सजगता को परखने के लिए मंडल रेल प्रबंधक ने अटरिया रेलवे स्टेशन का शुक्रवार रात निरीक्षण किया। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल प्रबंधक गौरव अग्रवाल रात स्टेशन पहुंचे।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर, पॉइंट्समैन, गेटमैन आदि कर्मचारियों से सुरक्षित ट्रेन परिचालन के संबंध में चर्चा की। उन्होंने गेटमैनों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा पटरी पर नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। स्टेशन के साथ ही उन्होंने अटरिया-सीतापुर सेक्शन के मध्य गेट संख्या 62-सी/ई-2 एवं 54 सी/ई-3 का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि शीतकाल में कोहरे से दृश्यता कम होती है। ऐसे में ट्रेन परिचालन की चुनौतियां बढ़ जाती हैं। हमें सतर्क रहने की जरूरत है। रेल संरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उनके साथ वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कनौजिया भी उपस्थित रहीं।